अपने सुनने पर विश्वास न करो
अपने देखने पर विश्वास न करो
तुम्हें अंधकार दिखता है
मगर शायद वह रोशनी है
बर्तोल्त ब्रेष्ट
अपने सुनने पर विश्वास न करो
अपने देखने पर विश्वास न करो
तुम्हें अंधकार दिखता है
मगर शायद वह रोशनी है
बर्तोल्त ब्रेष्ट
भगत सिंह तुम इनके लिए सरदार हो
भगत हो और सिंह भी मगर
भगत सिंह नहीं इन्हें क्या लेना तुमसे
तुम्हें भी प्रतीक बना लटका देते हैं
दीवारों पर कहीं चुनवा कर लिखवा देते हैं
फलां तारीख जन्म और निधन
तुम उनके लिए बस सरदार हो
जिन्हें इंसान को भीड़ बना
भेड़ की तरह हांकना है
तुम भगत हो उनके लिए जिन्हें
बुतों को दूध पिला तत्पर रहना है
सरदार के इशारे पर मारना और मरना है
तुम सिंह हो जिसकी मूर्ति को
सिंहासन पर तराश दिया है ताकि
तुम्हारा यश मुकुट बन जाए बैठने वाले पर
मगर तुम सिंह हो सत्ता के श्वान नहीं
जंजीर कब तक बांधेगी तुम्हें
इसका इन्हें बिल्कुल भी भान नहीं
तुम्हारी दुनिया इस दीवार के पार है
तुम्हारी आत्मा के आगे हरेक सत्ता तार तार है
इन्हें क्या पता तुम्हारी दुश्मन यही दीवार है
प्रत्यूष चंद्र
28/09/2020
अब सब कुछ ऐतिहासिक है
क्योंकि मैं ही इतिहास हूँ
अब तक समय प्यासा था
और मैं उसकी प्यास हूँ
झाँक लो मेरे मुंह के अंदर
अतीत की सड़ाँध वर्तमान
की कायरता और भविष्य से
सरपट दौड़ता आता तूफान
सब कुछ है मुझमें मुझसे ही
पाती है ऊर्जा भौतिक रूप
सब मेरी ही माया है बस
मैं ही हूँ जो बिल्कुल अनूप
जो पूछते हैं मुझसे मेरा नाम
कर दिया है तय उनका काम
या वे मुझमें खुद ही समा जाएँ
या उनके सत्य का होगा राम नाम
कलियुग का हूँ महामानव मैं
पश्चात क्या पश्चात्ताप क्या
युगों का मैं अंत हूँ अनंत हूँ
यही होना था तो विलाप क्या
गोरख पाण्डेय की एक बेहतरीन छोटी कविता “तुम्हे डर है” में कुछ लाइनें जोड़ने की गुस्ताखी कर रहा हूँ
हज़ार साल पुराना है उनका गुस्सा
हज़ार साल पुरानी है उनकी नफ़रत
मैं तो सिर्फ़
उनके बिखरे हुए शब्दों को
लय और तुक के साथ लौटा रहा हूँ
मगर तुम्हें डर है कि
आग भड़का रहा हूँ – गोरख पाण्डे
जबकि तुम उनके गुस्से और उनके नफ़रत को
उनसे छीन कर उनकी गोलियाँ बना
दाग देते हो उन्हीं पर
फिर उनके खून और पसीने में लथपथ
उनके जिस्मों को चाटते हो
ईनाम की तरह
पंख पंछियों के फैले क्यारियों में ऐसे
क्या किसी साँप या और किसी
जानवर की करतूत है
हवा की खामोशी बताती है
वो जो भी है कहीं मौजूद है
यहीं कहीं उसका वजूद है
मगर अचानक ये शोर क्या
भोर का कलरव है
या कोई उत्सव है
किसे याद है
कि इस मिट्टी को
सब याद है
दिन में शोर हो
या रात का खामोश
दर्दनाद है
साथी त्रेपन सिंह चौहान के लिए*
तुम पहाड़ हो
कठोर हो
मगर स्रोतों की शीतलता
तुम्हारी धमनियों में बहती
तुम्हारी हजार आंखों में नमी
भर जाती है
ललाट पर तेजी
हरेक की पहचान है तुम्हें
तुम्हे हर कोई अपना लेता है
तुम्हें हर कोई अपना लगता है
तुम्हारी समान दृष्टि
व्यक्तित्वों के बहुरंग को
धूप छाँव के अंतहीन खेल में बदल देती है
तुम्हारे पथरीले ऊबड़ खाबड़
शरीर पर
हर जगह की पहचान है
रोएं की तरह फैले जंगलों में
पेड़ों की कतार नहीं
नहीं है भीड़ की निर्दयी होड़
एक विचित्र संतुलन है
जीव
जीव
निर्जीव की
आन है
पहचान है
फिर भी सब समान है

*पिछले साल 2019 में जून के महीने में हम हाथीपाँव में रुके हुए थे, और बीच बीच में नीचे देहरादून आकर हिन्दी के प्रसिद्ध उपन्यासकार, उत्तराखंड के जानेमाने सामाजिक कार्यकर्ता और मेरे बहुत पुराने साथी त्रेपन सिंह चौहान के घर में दिन बिताते थे। वहीं पर त्रेपन के लिए यह कविता लिखी थी जो उन्हें अच्छी लगी थी। त्रेपन इस साल 13 अगस्त को लंबी बीमारी से लड़ते हुए 49 साल की उम्र में ही गुज़र गए।
नीचे कुछ और नीचे
अभी और नीचे गिरना है
दिमाग क्यों खराब करो
थमने की बात सोचकर
खुद ब खुद तल छू लोगे
और थम जाएगा गिरना
कोई पर तो नहीं लगे हैं कि
अचानक उड़ान भर लोगे
ज़रा ध्यान दो टकराओ मत
एक दूसरे को पहचानो
तुम अकेले नही होगे उस गर्त में
मौसम है अभी गिरने का
गिरते हैं सभी मगर अकेले
उठना तब भी उस गर्त से
होगा साथ मिलकर ही
कई कंधे एक दूसरे को
संभालेंगे एक दूसरे पर
अभी आनंद लो गिरने का
जतन न करो बीच में
टहनियों को पकड़ बचने का
सब देखते हैं साथ के
तुम्हारी साहसी कमज़ोरी
कहीं तो तल छू ही लोगे
बेसब्री किस बात की
और साथ साथ निकलेंगे
एक दूसरे को खींच लेंगे
अभी गिरना और बाकी है
मौसम है अभी गिरने का
एक ही रंग में रंग गया सब कुछ
गोरा हो या काला
राजा जो मतवाला है सो
सारा जग मतवाला
एक ही भाषा एक ही आशा
क्या कहता है अगला पासा
ताश के पत्ते बन उड़ते हैं
एक ही धुन में सब जग नासा
सब की नैया धार में उतरी
दिखता कोई नहीं किनारा
एक दिशा में सब बहते हैं
कौन चलेगा उल्टी धारा
कलुश भेद तम कौन हरेगा
सूली पर अब कौन चढ़ेगा
सब को है बस एक ही चिंता
इसका सिर गिर किसका चढ़ेगा
सब तो या चाणक्य गुरु हैं
या फिर कान्हा रथ पकड़े हैं
या हैं धनुर्धर महारथी सब
जो हर दम ही रण में खड़े हैं
कौन सुनेगा दूर की धुन को
कौन बनेगा आज का बुनकर
कल की तैयारी करने को
कौन लाएगा रूई धुनकर
मैंने खड़ी पहाड़ों और ऊंची चोटियों को लांघा है,
मुझे क्या इल्म होगा तराइयों की मुश्किलातों का?
पहाड़ों में बाघ के सामने से महफूज़ गुज़रा हूँ,
तराइयों में मिले इंसां और कैदखाने पहुंचा हूँ।
हो ची मिन्ह (19 मई 1890 – 2 सितंबर 1969)
हमारा मरना मारना महज तथ्य है
आंकड़े हैं मशीन की परीक्षा के लिए
नई तकनीक है
चेहरे पहचानने की
कोई अदृश्य मशीन उस मशीन के पीछे है
और उसके पीछे एक और मशीन
मशीनों का पूरा तंत्र है
जो अपने आप में एक यंत्र है
(अगर कुछ भी नहीं होगा
तो क्या काम होगा
हमारा
उसका)
हमारी पहचान होगी
इसका कत्ल हुआ
और उसने मारा
– नया काम और कामगार
नया सर्वहारा