सपना


हम निकल पड़े थे वहाँ उम्मीद में कि दुनिया बदले
खड़े हैं आज भी उस छोर पर कि कारवाँ गुज़रे
इक-इक कर के दुनिया की हवा ने
उम्मीद के गुलिस्तां से
चुन लिया है गुलों की रंगीनी
हरे पत्तों से उनकी हरियाली
शोख यौवन से सारी शोखी
रह गए हैं तो बस कंटीले बिस्तर
ढंकने को है तो बस सपनों की चादर

उसने हर रूप निहार कर देखा
हर आकार फाड़ कर देखा
सपनों की बीज हर कहीं लेकिन
खोज कर खोद ले जाए नहीं मुमकिन
सपना साकार ही हो जाए तो सपना कैसा
छीन सकता है उसकी भाषा को
छू नहीं सकता उसकी आशा को

अकेलापन – बाशो


अकेलापन –
कैद झींगुर
लटकता दीवार से

जापानी कवि बाशो

बोलते हुए तुम सुना भी करो!


अंधकार समय में क्रांतिकारी परिवर्तनगामी व्यवहार के स्वरूपों पर जर्मन कवि और नाटककार बेर्टोल्ट ब्रेष्ट की समझ आज भी हमारे लिए सटीक है। उनकी एक लघु कविता ये भी है:

ज्यादा न बोलो कि तुम सही हो, गुरू जी।
विद्यार्थियों को भी जानने दो उसे।
सच्चाई इतनी पेलने की ज़रूरत नहीं है:
ये उसके लिए अच्छा नहीं।
बोलते हुए तुम सुना भी करो!

अस्ल फूल


आओ देखो तो
दर्दभरी दुनिया के
अस्ल फूलों को

पुराने जापानी कवि बाशो की लघु कविता

समाधान – बेर्टोल्ट ब्रेष्ट (बर्तोल्त ब्रेख्त)


17 जून के विद्रोह के बाद
लेखक संघ के सचिव ने
स्टालिनाले में पर्चे बंटवाए
यह बताते हुए कि जनता ने
अपने प्रति सरकार का भरोसा खो दिया है
और अब केवल दुगनी कोशिशों से ही वे
उसको फिर से जीत सकती है। ऐसी स्थिति में
क्या सरकार के लिए ज्यादा आसान नहीं होगा
कि वे जनता को ही भंग कर दे
और दूसरी चुन ले?

नोट: जर्मनी के कम्युनिस्ट नाटककार, कवि और दार्शनिक ब्रेष्ट ने यह कविता पूर्वी जर्मनी के स्टालिनाले में हुए 17 जून 1953 के मजदूर विद्रोह के बाद लिखी थी।

ये दीवार आईना है


ये दीवार आईना है
तुम्हें कुछ भी नहीं दिखता
क्योंकि तुम कुछ भी नहीं हो

तुम्हें दीवार दिखती है
क्योंकि तुम दीवार हो
अपने और अपनों के बीच

तुम्हें दीवार पर नाखूनों से जड़ा चित्र दिखता है
क्योंकि उस चित्र में तुम हो
तुम्हें अपना मतलब वहीं खोजना है
क्योंकि वही तो आईना है

और पता करना है कि चित्रकार कौन है

सन्नाटा


सन्नाटा कहाँ था
बस सन्नाटे की आहट थी
और सन्नाटा हो गया

यादों में धुआँ और आग


यह धुआँ है 
कभी आग लगी थी जंगलों में
पेड़ पशु कई ज़िंदगियाँ भस्म हुईं थीं

सरपट दौड़ते जानवरों में
एक वह भी था
जिसने पीछे मुड़ कर देखा

लपट आसमान को छूते
अपने जीभ से लपकते
जो कुछ भी सामने आया

चिंगारियाँ दूत बन विनाश के सन्देशवाहक
विस्तार देते उसके प्रचंड रूप को 
कोई भेद नहीं उसकी नज़रों में 

न छोटा न बड़ा
अपने स्पर्श से सबकुछ
एक जैसा 

समानांत सबका
असीम शक्ति
महसूस करता

बस एक ही था 
जिसने पीछे मुड़ कर देखा 
सब कुछ देखा 

वही था 
जो भागते भीड़ से अलग था
उसने पीछे मुड़ कर देखा

आग की भीषणता को
जागते देखा
फैलते देखा

छुप कर  देखा
सामने आकर देखा   
शांत होते बुझते देखा

याद है
आग से पहले का जीवन 
आग में लहराते हुए

उसके मित्रगण परिजन
और परजन  
सभी याद हैं

भागते सब एक से
कुचलते एक दूसरे को
सब याद हैं

इसी आग ने तो 
उसको आदमी बनाया
जिसने मुड़कर देखा 

अपनी याद में 
उसको जिन्न की तरह 
संजोए रखता है 

उस आग की याद 
आज तक हमारे साथ है 
हमारे अवचेतन में  

कितनी बार उस आग को
सेंकते राख हो गए
कितने ही लोग

गांव के गांव
शहर के शहर
फूंक दिए उन हाथों को 

जिन्होंने ने उसे लगाया था
फिर भी याद है
बोरसी रसोईघर और बीड़ियों में

भस्म होने का आनंद है यह
रोज़ में खोने का
कैसा आनंद है यह

मगर याद सब कुछ है  
किसी कोने में 
आज भी धू धू करता 

जुलाई 23, 2019

आज के इंकलाबी


आज के इंकलाबी
पके आम चुनते
रात के तूफ़ानी संघर्ष में थक गए
स्वतःस्फूर्त सब्ज़ आम की आलोचना
उनकी अनुभवहीनता बताते
जो लटक गए
उन्हें चुनते इंकलाबी

20 फरवरी, 2020

मोमबत्तियाँ


कॉन्सटेंटाइन पेट्रो कवाफी

आने वाले दिन हमारे आगे खड़े हैं
जैसे छोटी-छोटी जलती मोमबत्तियों की कतार –
सुनहरी, गर्म, और झूमती छोटी बत्तियाँ।

दिन जो बीत गए हमारे पीछे खड़े हैं,
अब बुझ गईं मोमबत्तियों की उदास पंक्ति;
जो सबसे पास हैं वे अब भी छोड़ती हैं धुआँ,
ठंडी मोमबत्तियाँ, पिघली हुईं, बिगड़े रूप जिनके।

मैं उनको देखना नहीं चाहता; वे मुझे उदास करती हैं,
और मैं उदास होता हूँ, पहले की उनकी रोशनी याद कर।
मैं अपने सामने देखता हूँ, अपनी जलती मोमबत्तियों को।

मैं मुड़ना नहीं चाहता, कहीं देख घबरा न जाऊँ,
कितनी जल्दी बढ़ रही है काली रेखा की लंबाई,
कितनी जल्दी बढ़ रही है बुझी हुईं मोमबत्तियों की गिनती।